इंदौर के हवा बंगला रोड क्षेत्र में सोमवार सुबह एक कबाड़ की दुकान में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के एसआई संतोष ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की एक गाड़ी तत्काल मौके पर भेजी गई। दमकल कर्मियों ने करीब 10 हजार लीटर पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझा दिया।

एसआई के अनुसार आग लगने वाली दुकान जितेंद्र की है, जो यहां कबाड़ का व्यवसाय करते हैं। दुकान किराए पर ली गई थी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आसपास के लोगों ने पहले दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। दुकान के पीछे प्लास्टिक, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

जेसीबी की मदद से शेड तोड़कर बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की जेसीबी मौके पर भेजी गई। जेसीबी की मदद से शेड को एक तरफ से तोड़ा गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों को आग बुझाने में सफलता मिली। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post