इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक घर में आग लगने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार घटना रेवती रेंज क्षेत्र की है। सुबह आसपास के लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक घर के अंदर मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। उसका शव घर के भीतर जली हुई अवस्था में मिला।
मृतक के पिता ने बताया कि गुरुवार रात उनका बेटा अस्पताल से घर लौटा था। उसी रात उसके बड़े बेटे का दोपहिया वाहन से एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसके पैर में फ्रैक्चर आया था। वह रात में अस्पताल में बेटे के पास था और देर रात घर पहुंचा था। घायल बेटा अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे, जबकि एक बच्चा दादा के घर पर था।
पुलिस के मुताबिक मौके से गैस सिलेंडर की नली जली हुई हालत में मिली है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सुबह चाय बनाते समय गैस चालू करने के दौरान आग लगी होगी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पड़ोसियों द्वारा आग लगने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे थे। आग बुझाए जाने के बाद व्यक्ति का शव घर के अंदर मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Post a Comment