इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला को उसका पति अस्पताल लेकर पहुंचा था। मृतका का मायका देवास जिले में है। मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में दहेज हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

गांधी नगर पुलिस ने 26 वर्षीय महिला की मौत के मामले में उसके पति और सास के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने 16 जनवरी को अपने घर में फांसी लगाई थी। आत्महत्या से पहले उसने अपने दो साल के बेटे को सुलाया और फिर फंदे पर झूल गई।

महिला का पति एक कैफे का संचालन करता है। घटना वाले दिन महिला की सास से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद सास रिश्तेदार के यहां चली गई थी। दोपहर में महिला की मां ने देवास से फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद दामाद को सूचना दी गई। जब वह घर पहुंचा तो महिला फंदे पर लटकी मिली।

मायके पक्ष ने बताया कि शादी को करीब चार साल हो चुके थे। महिला को पति और सास द्वारा दहेज को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे। घटना से एक दिन पहले महिला मायके में थी और विवाद के चलते इंदौर लौटने से मना कर रही थी, लेकिन मां के समझाने पर वह वापस आई थी।

परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले भी महिला ने अपनी मां को फोन कर सास द्वारा झगड़ा किए जाने की जानकारी दी थी। मायके पक्ष ने करीब 10 लाख रुपए की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post