इंदौर के राउ थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। राउ पुलिस के अनुसार यह घटना नयापुरा इलाके में हुई, जहां एक स्थानीय संगठन से जुड़े नेता की बेटी के माता पूजन कार्यक्रम का आयोजन था।

जानकारी के मुताबिक सभी लोग सीतलामाता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग के लिए आयोजनकर्ता ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक मंगवाई। बंदूक देते समय एक 12 वर्षीय नाबालिग से गलती से ट्रिगर दब गया, जिससे अचानक गोली चल गई।

गोली के छर्रे चारों ओर फैल गए और आसपास खड़े करीब पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक वैध लाइसेंसधारी बताई जा रही है। पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post