इंदौर के महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे एक पुजारी का शव कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने शीशा तोड़कर खोला। मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खजराना थाना पुलिस के अनुसार सतीश उम्र (36), पिता कैलाश एस., का शव सुबह एक सुनसान इलाके में खड़ी कार में मिला। उनके सिर में गोली लगने के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।

पूजा का सामान लेने निकले थे घर से

सतीश एस. मूल रूप से अशोकनगर जिले के निवासी थे और इंदौर के एक मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत थे। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। सोमवार शाम वे पत्नी से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे।

रात करीब 11 बजे उनके एक रिश्तेदार को फोन आया, जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह उनकी कार महालक्ष्मी नगर इलाके में खड़ी मिली।

सुसाइड या हत्या, जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी ने उनकी हत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

दोस्ती को लेकर तनाव की बात सामने आई

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुजारी की इलाके में रहने वाली एक युवती से दोस्ती थी, जिसे लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। सोमवार को भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि युवती द्वारा ब्लैकमेलिंग की पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच अभी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post