इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह महिला का शव उसके घर के एक कमरे में मिला। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। वह पति से अलग रहकर रहती थी और एक निजी संस्था में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थी। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध से जुड़ा एंगल सामने आ रहा है।

पुलिस के अनुसार घटना नंदबाग क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां 35 वर्षीय गायत्री नामक महिला का शव उसके घर में पाया गया। महिला रोजाना सुबह करीब साढ़े छह बजे ड्यूटी पर जाती थी। जब वह निर्धारित समय तक कार्यस्थल पर नहीं पहुंची, तो ड्यूटी इंचार्ज ने उसके घर जाकर स्थिति देखी, जहां कमरे में उसका शव मिला।

महिला मूल रूप से छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली थी। उसके कोई संतान नहीं थी। आसपास के लोगों को महिला के पति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना महिला के परिजनों को छिंदवाड़ा में दे दी गई है।

मौके से महिला का टिफिन भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में गला घोटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने महिला के साथ काम करने वाले एक सहकर्मी से पूछताछ की है, जिसे संदिग्ध माना जा रहा है।

महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post