इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 1 बजे अज्ञात बदमाशों ने तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। आग की लपटों से एक मकान के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान शोर सुनकर रहवासियों की नींद खुल गई, जिन्होंने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तिलक नगर थाना पुलिस ने इलाके में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आगजनी का प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। तभी रात करीब 1 बजे बाहर शोर सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो घर के सामने खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगी हुई थी।
आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में एक स्कूटी, एक बाइक और पड़ोसी की एक अन्य बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा मकान के सामने का हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार फुटवियर व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और आसपास के रहवासियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि पीड़ित परिवार का किसी से कोई पुराना विवाद तो नहीं था।
स्थानीय लोगों ने नशा करने वाले कुछ युवकों पर संदेह जताया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात बदमाशों की तलाश जारी है।

Post a Comment