पारा थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा की एक छात्रा को जंगल में ले जाकर ऑटो चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रा को असलहा दिखाकर शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। छात्रा की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता का परिवार मूल रूप से एक अन्य जिले का रहने वाला है और वर्तमान में पारा इलाके में किराए के मकान में रहता है। महिला के अनुसार, उनकी बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है और रोजाना अपने छोटे भाइयों को स्कूल छोड़ने जाती थी। इसी दौरान आरोपी युवक अपने साथियों के साथ उसे परेशान करता था और फोन पर जबरन बात करने का दबाव बनाता था।
कुछ दिन पहले आरोपी एक अन्य युवक के साथ ऑटो से घर पहुंचा और छात्रा को नहर किनारे जंगल में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान उसने असलहा दिखाकर किसी को कुछ बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद छात्रा काफी डरी-सहमी रहने लगी। पूछताछ करने पर उसने पूरी आपबीती परिजनों को बताई। इसके बाद आरोपी ने शिकायत करने पर गाली-गलौज करते हुए दोबारा धमकी दी। पीड़िता की मां ने 3 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि अब मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment