इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए।
पहले हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे के समय कार चालक नशे की हालत में था, जिसे पुलिस ने कार की डिक्की के रास्ते बाहर निकाला। वहीं, दूसरे हादसे में दो कारों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार पहला हादसा बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात करीब 3 बजे संचार नगर क्षेत्र के पास हुआ। यहां ढाबे पर शराब पार्टी करने के बाद घर लौट रहे अमन की कार (क्रमांक MP 09 WE 0000) संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर के बाद चालक कार के अंदर फंस गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डिक्की के रास्ते चालक को बाहर निकाला। वह अत्यधिक नशे की हालत में था। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल भेजा गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटवाया।

दूसरा हादसा कनाडिया से बंगाली चौराहे के बीच हुआ, जहां दो कारों (क्रमांक MP 04 CP 0000 और MP 09 WD 0000) की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पल्केश उम्र (18), राज उम्र (22) और मेहुल उम्र (38) घायल हो गए।

तीनों घायलों को एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दूसरी कार में सवार युवकों के बारे में पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी है। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे निजी अस्पताल चले गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post