उज्जैन में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी गर्दन कट गई, हालांकि करीब दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। घायल युवक के गले में 10 टांके आए हैं। यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है।

घायल युवक मूल रूप से राजगढ़ जिले का रहने वाला है और वर्तमान में उज्जैन के जयसिंहपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया कि वह बाइक से सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया। कुछ ही पलों में वह लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को चरक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर थी। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में गर्दन से चाइनीज मांझे के टुकड़े निकाले गए और 10 टांके लगाए गए। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच सकी। ऑपरेशन के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।

उज्जैन में चाइनीज मांझे से घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रतिबंध और कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग पतंगबाजी के दौरान खतरनाक चाइना मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है।

प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और नियमों का पालन करते हुए दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले भी उज्जैन में इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई थी और उसे भी कई टांके लगाने पड़े थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post