जूनी इंदौर थाना पुलिस ने सोमवार रात चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक कार से 8 बोरों में भरा चाइनीज मांझा जब्त किया है। इस मामले में एक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है, जो मकर संक्रांति के त्योहार को देखते हुए भारी मात्रा में मांझा लेकर आ रहा था।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि खातीवाला टैंक क्षेत्र में किराए से रहने वाला एक व्यक्ति बड़े स्तर पर चाइनीज मांझे का सौदा कर रहा है और रात के समय कार से मांझा लेकर आएगा। सूचना के आधार पर इलाके में चेकिंग प्वाइंट लगाए गए और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
कार की तलाशी के दौरान उसमें 8 बोरे चाइनीज मांझे से भरे हुए मिले। इसके बाद आरोपी को थाने लाकर देर रात तक पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में कार को भी जब्त कर लिया गया है।
इधर, द्वारकापुरी थाना पुलिस को भी सूचना मिली थी कि इलाके की एक दुकान से चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए वहां से चाइनीज मांझा जब्त किया। इसके बाद संबंधित दुकान को सील कर दिया गया।
वहीं, तिलक नगर थाना पुलिस ने भी सोमवार को इलाके में जनजागरण रैली निकाली और दुकानों पर सर्चिंग की। इस दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझे के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध के बारे में जानकारी दी गई और सख्त चेतावनी भी दी गई।
पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment