इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर लगातार दूसरे दिन मेडिकल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। इंदौर से दिल्ली जा रही एक महिला यात्री एयरपोर्ट पर अचानक बेहोश हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विमानतल से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की दोपहर करीब 1:30 बजे इंदौर से दिल्ली रवाना होने वाली फ्लाइट से यात्रा करने के लिए 66 वर्षीय महिला यात्री एयरपोर्ट पहुंची थीं। वह चेक-इन प्रक्रिया पूरी कर सिक्योरिटी होल्ड एरिया में मौजूद थीं।

बोर्डिंग से कुछ समय पहले ही सिक्योरिटी होल्ड एरिया में महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल मेडिकल इमरजेंसी घोषित की।

एयरपोर्ट के मेडिकल इमरजेंसी रूम से पहुंचे डॉक्टरों ने महिला की जांच की, जिसमें उनकी ब्लड शुगर कम पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरपोर्ट एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला यात्री पंजाब की रहने वाली हैं और दिल्ली के रास्ते आगे यात्रा करने वाली थीं। इलाज के बाद उन्हें होश आ गया है, लेकिन फिलहाल एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनका डायरिया का इलाज भी चल रहा है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post