इंदौर के एमजी रोड क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के साथ मैट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। शादी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद युवक ने बातचीत के दौरान भरोसा जीतकर युवती से करीब 1 लाख 61 हजार रुपए अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने शुक्रवार को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एमजी रोड क्षेत्र निवासी युवती की शिकायत पर हरियाणा निवासी एक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने एक मैट्रीमोनियल वेबसाइट पर शादी के उद्देश्य से अपना अकाउंट बनाया था, जिसमें मोबाइल नंबर भी दर्ज किया गया था। इसी दौरान आरोपी ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया।
बातचीत बढ़ने के बाद नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान आरोपी ने पहली बार युवती से करीब 1750 रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके बाद आरोपी द्वारा भेजे गए गूगल लिंक और ओटीपी के माध्यम से करीब 53 बार में कुल 1 लाख 61 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद को शादी के लिए अविवाहित बताया था और करीब छह महीने से अधिक समय तक युवती के संपर्क में रहा। आरोपी ने यह कहकर पैसे मंगवाए कि उसका डेबिट कार्ड गुम हो गया है और नया कार्ड आने में समय लग रहा है।
पीड़िता के मुताबिक 26 दिसंबर तक वह आरोपी को बड़ी रकम दे चुकी थी। जब उसने डेबिट कार्ड को लेकर सवाल किए तो आरोपी बहाने बनाने लगा। शक गहराने पर युवती ने और जानकारी मांगी, जिसके बाद आरोपी ने संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने संबंधित मोबाइल नंबर और आईडी के आधार पर साइबर सेल में शिकायत की। जांच के बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Post a Comment