यूपी के शामली जिले का रहने वाला वेस्ट यूपी का एक कुख्यात गैंगस्टर इन दिनों पुलिस कार्रवाई के बाद अजीबोगरीब हरकतों को लेकर चर्चा में है। पुलिस की सख्ती बढ़ते ही गैंगस्टर के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने अपने घर में फांसी का फंदा लटकाया हुआ दिखाया और एक पर्चा चिपकाकर कुछ पुलिस अधिकारियों पर सुपारी लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर, उसकी एक रिश्तेदार महिला और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप है कि उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालने और आत्महत्या की धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश की।

केस दर्ज होने के बाद अब गैंगस्टर का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद को लोहे की जंजीरों से बांधे हुए नजर आ रहा है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मामला शामली जिले के झंझाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में गैंगस्टर एक हाथ में लोहे की जंजीर पकड़े हुए कुंडे में फंसाता दिखाई देता है, जबकि जंजीर का दूसरा सिरा दीवार से बंधा हुआ है। वीडियो में वह दावा करता है कि उस पर वीडियो हटाने का दबाव बनाया जा रहा है और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

गैंगस्टर का कहना है कि वह गोली मरवाना मंजूर करेगा, लेकिन वीडियो डिलीट नहीं करेगा। उसने यह भी कहा कि खुद को झूठे मामलों से बचाने के लिए वह हाउस अरेस्ट जैसी स्थिति में रहने को मजबूर है और हर आधे घंटे में लाइव होकर अपनी बात रखेगा।

वीडियो वायरल होने के बाद लोग हैरान हैं, वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह का दबाव या धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को ऑडियो में सुनें




Post a Comment

Previous Post Next Post