उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मऊआइमा इलाके के एक गांव में नए साल के पहले दिन शादी की जिद को लेकर एक युवती हाई-वोल्टेज बिजली के टॉवर पर चढ़ गई और जान देने की धमकी देने लगी। युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग पर अड़ी हुई थी। करीब तीन घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, शादी का आश्वासन मिलने पर वह टॉवर से नीचे उतरी।
मामला मऊआइमा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बताया जा रहा है कि युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन दोनों के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। युवती इंटर पास है, जबकि युवक स्नातक बताया जा रहा है। शादी की अनुमति न मिलने से आहत होकर युवती गुरुवार सुबह गांव के पास लगे बिजली के टॉवर पर चढ़ गई और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और परिजनों को मौके पर बुलाया। काफी देर तक पुलिस और परिजन युवती को समझाते रहे।
आखिरकार, दोनों पक्षों की सहमति से शादी पर विचार करने का भरोसा दिए जाने के बाद युवती टॉवर से सुरक्षित नीचे उतरी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्ष आपसी सहमति के बाद अपने-अपने घर लौट गए हैं और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।

Post a Comment