इंदौर से संचालित हो रही मध्य प्रदेश की पहली तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह ट्रेन 30 जनवरी तक संचालित की जाएगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार ही चलाई जाएगी, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
विस्तारित फेरों के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस फैसले से इंदौर और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग ने जानकारी दी कि मुंबई सेंट्रल–इंदौर तेजस स्पेशल ट्रेन अब 30 जनवरी तक मुंबई सेंट्रल से हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रवाना होगी।
इसी तरह, इंदौर से मुंबई सेंट्रल के लिए चलने वाली तेजस स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन 31 जनवरी तक इंदौर से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन का मार्ग, ठहराव, कोच कंपोजिशन और संचालन दिवस पहले की तरह ही रहेंगे।
इंदौर–मुंबई रूट पर चलने वाली तेजस स्पेशल ट्रेन का किराया, इसी मार्ग पर संचालित अन्य ट्रेनों की तुलना में अधिक है। दुरंतो और अवंतिका एक्सप्रेस की अपेक्षा तेजस ट्रेन प्रीमियम सेवा के तहत संचालित की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तेजस ट्रेन के किराए तय करने का अधिकार आईआरसीटीसी के पास होता है और आवश्यकता पड़ने पर किराए में बदलाव किया जा सकता है।

Post a Comment