इंदौर के पास मानपुर क्षेत्र में मुंबई–आगरा फोरलेन पर सोमवार सुबह दो ट्रकों में आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, वहीं पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की। आग लगने के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इंदौर की लोहा मंडी जा रहा था ट्रक
ट्रक चालक ने बताया कि वह मुंबई के भिवंडी क्षेत्र से इंदौर के लिए केमिकल के डिब्बे लेकर जा रहा था। मानपुर में चाय पीने के लिए रुका था। कुछ देर बाद ढाबे के एक कर्मचारी ने आकर बताया कि बाहर एक ट्रक में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। चालक ने बताया कि वह एक दिन पहले ही माल भरकर निकला था।
मानपुर थाना प्रभारी के अनुसार, पीछे खड़ा एक अन्य ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश
देखते ही देखते दोनों वाहन आग का गोला बन गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में मानपुर और महू से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

Post a Comment