मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर का है, जहां महज 200 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोपी और मृतक दोनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।

घटना रेलवे मैदान के पास की बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया।

पहले बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की गई। ठंड के कारण युवक ने जैकेट पहन रखी थी, जिससे मार का असर कम हुआ। इसके बाद आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं—युवक को जबरन कपड़े उतारने पर मजबूर किया गया और दोबारा बेल्टों से पीटा गया।

जब इससे भी मन नहीं भरा, तो आरोपियों ने ईंट से युवक के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। कुछ ही देर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पूरी वारदात कबूल कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के चेहरे पर गिरफ्तारी के दौरान किसी तरह का पछतावा नजर नहीं आया।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post