ग्वालियर में एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर धूप सेंक रहे एक बुजुर्ग की जान चली गई। बुजुर्ग पर गिट्टी से भरा एक डंपर पलट गया। डंपर का संतुलन बिगड़ते देख बुजुर्ग ने उठने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वे खुद को संभाल पाते, गिट्टी भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
यह घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर हुई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है।
करीब 90 वर्षीय बुजुर्ग अपने नाती के साथ रहते थे। शुक्रवार दोपहर वे अपने घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान पास के एक मकान में चल रहे निर्माण कार्य के लिए गिट्टी से भरा डंपर वहां पहुंचा। डंपर का एक टायर सड़क के गड्ढे में फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर के नीचे दबे बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डंपर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment