इंदौर की एक महिला बिना बताए अपने घर से चार बच्चों को लेकर ओंकारेश्वर घूमने आ गई। महिला पिछले तीन दिनों से लापता थी। रविवार को उसके दो बच्चों को मोरटक्का स्थित नर्मदा पुल के पास देखा गया। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही बच्चों ने अपनी मां और भाई-बहनों के साथ एक होटल में भोजन किया था। लावारिस बच्चों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें चौकी लेकर आई।

डेढ़ साल की बच्ची और छह साल के बच्चे को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बच्चों के परिजनों का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। इसी दौरान एक पुलिस कांस्टेबल ने छह साल के बच्चे से पूछताछ की। बच्चे ने बताया कि वे इंदौर में रहते हैं और उनकी मां उन्हें यहां लेकर आई थी। मां अपने साथ दो अन्य बच्चों को लेकर कहीं चली गई और उन्हें वहीं छोड़ गई। मां कहां गई है, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी।

बच्चे से स्कूल का नाम पूछा, फिर गूगल मैप से मिला घर

कांस्टेबल ने बच्चे से उसके स्कूल के बारे में पूछा। बच्चे ने बताया कि वह जिस स्कूल में अभी पढ़ता है, उसका नाम उसे याद नहीं है, लेकिन पहले वह घर के पास स्थित एक स्कूल में पढ़ता था, जहां फीस ज्यादा होने के कारण पिता ने उसका दाखिला वापस ले लिया था। बच्चे द्वारा बताए गए स्कूल का नाम गूगल पर सर्च किया गया। स्कूल की तस्वीर दिखाने पर बच्चे ने पुष्टि की कि वह वहीं पढ़ता था।

इसके बाद पुलिस ने गूगल मैप के जरिए आसपास के इलाकों को खोजा और रास्ते में आने वाली गलियों, दुकानों, ठेलों और दवाखानों की तस्वीरें बच्चे को दिखाकर पुष्टि करती रही। एक दवाखाने के पास पहुंचने पर बच्चे ने बताया कि उसी के बगल में उसका घर है। दवाखाने के बोर्ड से डॉक्टर का मोबाइल नंबर निकालकर संपर्क किया गया।

महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ

डॉक्टर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली महिला और उसके बच्चे लापता हैं, जिसकी शिकायत बच्चों के पिता ने थाने में दर्ज कराई है। इसके बाद डॉक्टर के माध्यम से बच्चों के पिता से संपर्क कराया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि उनके दो बच्चे मोरटक्का पुलिस के पास सुरक्षित हैं। इसके बाद पिता मोरटक्का पहुंचे और दोनों बच्चों को अपने साथ ले गए। पिता ने बताया कि पत्नी और दो बच्चे अब भी लापता हैं और उनका कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने यह भी बताया कि पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post