इंदौर इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। वह फिलहाल दफ्तर बंद कर फरार हो गया है। आरोप है कि उसने कई लोगों को ठगा है। उसके खिलाफ अन्य शिकायतें भी पुलिस के पास पहुंची हैं।

खजराना पुलिस के अनुसार, एक फरियादी की शिकायत पर नेहरू नगर क्षेत्र के रहने वाले मुकेश पी. के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरियादी का कहना है कि बजरंग नगर इलाके में आरोपी ने “ओनली प्रॉफिट–नो लॉस” के नाम से एक ऑफिस खोला था। वह लोगों से संपर्क कर इन्वेस्टमेंट पर ज्यादा मुनाफे का लालच देता था।

फरियादी के अनुसार, आरोपी ने उससे 10 लाख रुपये से अधिक की राशि ठग ली। शहर के अन्य लोगों के साथ भी उसने मुनाफा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की और बाद में ऑफिस बंद कर फरार हो गया। आशंका है कि वह करोड़ों रुपये लेकर गया है। फरियादी का यह भी दावा है कि आरोपी के खिलाफ दूसरे शहर में भी इसी तरह के फ्रॉड का एक मामला दर्ज है।

पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है। बताया गया है कि आरोपी अब भी व्हाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर यह कह रहा है कि उसकी कंपनी का बैंक अकाउंट और ट्रेडिंग आईडी सरकारी कार्रवाई के चलते फ्रीज हो गई है, इसी वजह से वह निवेशकों की रकम नहीं लौटा पा रहा है। वह मैसेज में यह भी लिख रहा है कि उसकी लीगल टीम समस्या सुलझाने में लगी है और नए बैंक अकाउंट व नई ट्रेडिंग आईडी के जरिए दोबारा पैसे जमा करने का झांसा दे रहा है। फरियादी ने आरोपी के मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post