नई दिल्ली: संसद भवन पर हुए आतंकी हमले की आज 24वीं बरसी है। देश उन वीर सपूतों को याद कर रहा है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता, रक्षा मंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं ने शहीदों को स्मरण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय गृहमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि आज का दिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे सुरक्षाबलों के अदम्य शौर्य और साहस को स्मरण करने का अवसर है। वर्ष 2001 में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले को सुरक्षाबलों ने अपने साहस और संकल्प से विफल कर दिया। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त जवानों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।

रक्षा मंत्री ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से संसद भवन पर हुए आतंकी हमले के दौरान ढाल बनकर खड़े रहने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान देश की चेतना में सदैव जीवित रहेगा और भारत के संकल्प को प्रेरित करता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post