पटना के दानापुर में एक बेकाबू कार ने 4 लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार लेकर तेजी से फरार हो गया। यह हादसा दानापुर थाना क्षेत्र के एक मुख्य मार्ग पर हुआ, बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड में घुसी कार ने चार लोगों को कुचल दिया और फिर गाड़ी के नीचे फंसे शख्स को दोबारा रौंदते हुए आगे बढ़ने लगी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने कार की स्पीड बढ़ा दी और वहां से भाग निकला। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस घटना में मृतक की पहचान 60 साल के चांसी नाम के व्यक्ति के रूप में हुई है। तेज रफ्तार कार पहले एक कुत्ते को टक्कर मारती है, फिर वहां खड़े लोगों को रौंद देती है। दो लोग कार के नीचे आ जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद ड्राइवर स्पीड बढ़ाकर उनके ऊपर से निकल जाता है। मौके पर मौजूद लोग कार को रोकने और खिड़कियों पर मारने की कोशिश करते हैं, लेकिन आरोपी रुकता नहीं है। गाड़ी की रफ्तार लगभग 50–60 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें पता चला है कि ड्राइवर कार लेकर एक मुख्य सड़क की ओर भागा। ट्रैफिक पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। फिलहाल अभी तक ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है।

Post a Comment