औद्योगिक महानगर में सोमवार से जंगल ट्रेल पार्क आम जनता के लिए खोल दिया गया। सेक्टर-95 में महामाया फ्लाइओवर और ओखला पक्षी विहार के बीच बने इस पार्क का उद्घाटन स्थानीय विधायक ने किया। पार्क में कबाड़ से तैयार किए गए लगभग 650 जानवरों के मॉडल लगाए गए हैं। बच्चों के लिए नौकाविहार, पर्यटक केंद्र और नाइट सफारी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
पार्क के दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए एक विशेष अंडरपास बनाया गया है। खाने-पीने के लिए कैफेटेरिया और सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। खास बात यह है कि किसी भी जानवर की मूर्ति के पास पहुंचते ही उसकी आवाज सुनाई देगी और उसके बारे में जानकारी भी दी जाएगी। पार्क का निर्माण पीपीपी मॉडल पर किया गया है।
रोमांच से भरी कई गतिविधियां
लोग महामाया फ्लाइओवर के नीचे बने प्रवेश द्वार से पार्क में एंट्री कर सकेंगे। प्रवेश शुल्क 120 रुपए रखा गया है। यहां जंगल थीम के साथ कई एडवेंचर एक्टिविटीज शामिल की गई हैं, जिनमें रॉक क्लाइम्बिंग, जिप लाइन, जिप साइकलिंग आदि प्रमुख हैं।
18.27 एकड़ में फैला पार्क
जून 2024 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट लगभग 18.27 एकड़ क्षेत्र में फैला है। अंदर कबाड़ से बने डायनासोर, गैंडा, मगरमच्छ, अजगर, बंदर सहित अनेक जीव-जंतुओं की मूर्तियां लगाई गई हैं। इसके अलावा छोटे-छोटे सुंदर पक्षियों की आकृतियां भी शामिल हैं। करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से बने इस पार्क में लोग जंगल में सैर का अनूठा अनुभव ले सकेंगे। पार्क को तीन मुख्य हिस्सों में विभाजित किया गया है।

Post a Comment