इंदौर से आज हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। पहले दिन इंदौर से उज्जैन के लिए 6 विशेष अतिथियों ने उड़ान भरी। पर्यटन विभाग का कहना है कि इंदौर से उज्जैन का किराया 5 हजार, उज्जैन से ओंकारेश्वर का 6,500 और ओंकारेश्वर से इंदौर का किराया 5,500 रुपए होगा। फ्लाइट का संचालन 6-सीटर हेलिकॉप्टर से किया जा रहा है।
इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर–इंदौर के लिए टिकट बुकिंग transbharat.in वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। वेबसाइट पर इंदौर से उज्जैन का बेस किराया 10 हजार दिखाया गया है, जिस पर 50% डिस्काउंट के बाद यात्रियों को 5 हजार में टिकट मिल रहा है। यानी ऑफर खत्म होने पर किराया 10 हजार तक हो सकता है। विभाग का दावा है कि इस सेवा के जरिए यात्री एक ही दिन में उज्जैन और ओंकारेश्वर दोनों ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर पाएंगे। वहीं कुछ ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि उसी किराए में 4 लोग लग्जरी कार लेकर भी एक दिन में दोनों जगह घूम सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था
सुरक्षा जांच की जिम्मेदारी हेलिपैड पर एविएशन कंपनी की ही रहेगी। अभी यह सेवा इंदौर के बिचौली हेलीपैड से संचालित होगी। आज दोपहर 2 बजे इंदौर से उज्जैन के लिए पहली उड़ान भरी गई, जो लगभग 20 मिनट में अपने गंतव्य पर पहुंची।
एटीएस और एयरपोर्ट समन्वय
इंदौर एयरपोर्ट के अधिकारियों को इस हवाई सेवा की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि इंदौर के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाले किसी भी हेलिकॉप्टर के लिए फ्लाइट प्लान देना आवश्यक होता है। इस प्लान के आधार पर समय, ऊँचाई और दिशा में जरूरत पड़ने पर बदलाव सुझाए जाते हैं। वहीं पर्यटन विभाग का कहना है कि चूंकि यह सेवा बिचौली मर्दाना हेलीपैड से चलाई जा रही है, इसलिए यात्री संचालन की सभी जिम्मेदारियाँ एविएशन कंपनी संभाल रही है।
हेलिकॉप्टर और रूट
एविएशन कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि अभी सिंगल इंजन हेलिकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। इमरजेंसी लैंडिंग के लिए इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर रूट पर 3–4 हेलीपैड चिन्हित किए गए हैं। यात्रियों की मांग बढ़ने पर संचालन एयरपोर्ट या किसी अन्य स्थान से भी किया जा सकता है।
तीन सेक्टर शामिल
सेवा सप्ताह में 5 दिन चलेगी और वेलनेस, वाइल्ड लाइफ और धार्मिक—इन तीन सेक्टरों को जोड़ेगी। अभी 4 बड़े शहर, 2 ज्योतिर्लिंग, 3 नेशनल पार्क और 3 धार्मिक स्थलों को जोड़ा गया है।
-
वेलनेस सेक्टर: भोपाल, पचमढ़ी-मढ़ई
-
वाइल्ड लाइफ सेक्टर: जबलपुर, मैहर, चित्रकूट, कान्हा, बांधवगढ़, अमरकंटक
-
धार्मिक सेक्टर: इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर
क्षमता और दृश्य
एक हेलिकॉप्टर में 6 यात्री बैठ सकते हैं। यात्री सतपुड़ा की पहाड़ियों, घने जंगलों और टाइगर रिज़र्व के हवाई दृश्य का आनंद ले पाएंगे।
सेक्टर-1 (इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर)
इस रूट में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ और अन्य स्थान शामिल हैं। पहले फेज में इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच सप्ताह में 5 दिन नियमित उड़ानें रहेंगी। किराया 5 हजार से 6,500 रुपए के बीच रखा गया है।

Post a Comment