क्राइम ब्रांच ने MD ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह ऑनलाइन पैसे लेकर MD ड्रग्स सप्लाई करता था और अच्छे कमीशन के बदले यह कारोबार करता था।

कुछ दिनों पहले क्राइम ब्रांच ने दो बदमाशों को 22 ग्राम MD ड्रग्स के साथ पकड़ा था। उनसे पूछताछ में यह युवक सामने आया, जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह भी पता चला कि वह टीन चादर की दुकान की आड़ में ड्रग्स की सप्लाई करता था।

एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि पहले शहीम और शारिक (बेटमा) को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से बरामद 22 ग्राम MD ड्रग्स की कीमत करीब तीन लाख रुपए थी। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह ड्रग्स परवेज के माध्यम से मिलती थी। इसके बाद पुलिस ने धार निवासी परवेज को गिरफ्तार किया।

जावरा से ड्रग्स लाते थे

पुलिस के मुताबिक, परवेज जावरा से ड्रग्स दिलवाता था और इसके बदले में उसे कमीशन मिलता था। सबसे पहले वह ऑनलाइन पैसा अपने खाते में डलवाता और फिर ड्रग्स की सप्लाई करवाता। इस गिरफ्तारी से MD ड्रग्स सप्लाई चेन को तोड़ने में सफलता मिली है। पुलिस अब परवेज से आगे की लिंक भी खोज रही है।

ढ़ाई लाख रुपए कीमत की ब्राउन शुगर जब्त

एडिशनल डीसीपी दंडोतिया ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बाणगंगा और रावजी बाजार में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

बाणगंगा क्षेत्र: भागीरथपुरा निवासी नीरज को 10.23 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रावजी बाजार: तनमय (नंदानगर) को 12.23 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले पंजीकृत हैं, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास शामिल हैं।

दोनों आरोपियों से करीब ढाई लाख रुपए कीमत की ब्राउन शुगर जब्त की गई। पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की लिंक निकालने में जुटी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post