उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में आकर एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी पिता ने अचानक हथियार उठा लिया और दोनों पर गोली चला दी। बेटे के पेट में और बहू के हाथ में गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि परिवार में पिछले कुछ समय से आपसी तनाव चल रहा था। घटना के बाद गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post