पंजाब के लुधियाना में एक घर में रखे बारूद (पोटाश) में विस्फोट होने से लगभग 10 लोग झुलस गए। हादसे में बाहर खेल रहे 4-5 बच्चे भी घायल हुए। धमाके के बाद घर में आग लग गई, जिससे घरेलू सामान जलकर राख हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए।

पुलिस जांच में पता चला है कि घर के बाहर कुछ बच्चे पटाखे जला रहे थे। उनकी चिंगारी घर के अंदर रखे बारूद तक पहुंच गई, जिससे धमाका हुआ। घर मालिक एक स्थानीय कारीगर हैं जो दशहरे के मौके पर रावण के पुतले बनाते हैं। इसी काम के लिए उन्होंने बारूद और पटाखे घर में रखे थे।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। झुलसे हुए लोगों को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के वक्त घर में 2-3 बच्चे और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद घर में मौजूद बच्चे झुलसते हुए बाहर भागे। इलाके के दो अन्य बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। पड़ोसियों के अनुसार, उस समय घर में कोई कीमती सामान नहीं था, लेकिन कपड़े और अन्य चीजें जलकर नष्ट हो गईं।

पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post