पहली वारदात: दोस्तों के बीच विवाद में चली चाकू

आजाद नगर थाना क्षेत्र के पालदा इलाके में सोमवार देर रात 10–12 युवकों ने अपने ही साथी पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात का सीसीटीवी सामने आया है जिसमें घायल युवक उठने की कोशिश करता दिखा, लेकिन कुछ ही देर में गिर पड़ा। पुलिस ने बताया कि यह झगड़ा शराब पार्टी के दौरान हुआ था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजा (परिवर्तित नाम) निवासी पारसी मोहल्ला के रूप में हुई है।

राजा का आपराधिक रिकॉर्ड था और हाल ही में उसका जिला बदर खत्म हुआ था। वह ढोलक बजाने का काम करता था और दिवाली पर दोस्तों से मिलने लौटा था। पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और तलाश जारी है।

दूसरी वारदात: दिनदहाड़े युवक पर चाकू से हमला

मंगलवार दोपहर एमआईजी थाना क्षेत्र की स्वर्ण बाग कॉलोनी में 20 वर्षीय क्षितिज (परिवर्तित नाम) पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को डीएनएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक रात में आरोपियों और क्षितिज के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। दोपहर में जब वह घर से बाहर निकला तो हमलावरों ने घेरकर चाकू मार दिए। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

क्षितिज के परिवार में उसकी मां और भाई हैं, जबकि पिता का देहांत पहले हो चुका है। परिवार का गुजर-बसर किराए की दुकानों से होता है।

तीसरी वारदात: आपसी विवाद में चली गोली

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे दिग्विजय नगर मल्टी में दो परिवारों के बीच विवाद के दौरान गोली चल गई। मौके पर दो से अधिक फायर किए गए, जिससे तीन लोग घायल हुए।

घायलों को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां महेश उर्फ बच्चू (परिवर्तित नाम) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंसूर (परिवर्तित नाम) सहित दो अन्य घायल हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह विवाद पुराने झगड़े से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post