इंदौर के जूनी इंदौर इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त परिवार के छह सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। घटना में 11 साल के एक बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
यह घटना जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के विजय पैलेस इलाके में रात करीब 2 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक एजाज खान के घर में रखे कबाड़ और स्पंज सामग्री में आग लगने से हादसा हुआ। स्पंज जल्दी सुलगने वाला पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। धुआं फैलने से सभी का दम घुटने लगा। परिवार के लोग किसी तरह जागे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से चोइथराम अस्पताल भेजा गया। हादसे में 11 साल के रहमान की मौत हो गई, जबकि उनकी मां अनीशा बी, दो बहनें अल्फिया और आफशीन, और भाई रियान की हालत नाजुक बताई जा रही है। एजाज खान को हल्की चोटें आईं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है।
रिश्तेदार मोहम्मद अबरार ने बताया कि रात करीब 2 बजे फोन आने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरा मोहल्ला अफरा-तफरी में था और एक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

Post a Comment