छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक वीआईपी काफिले में शामिल वाहन ने बसंतपुर तिराहे के पास एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग साहब सिंह के दोनों पैर कट गए, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बुदौरा गांव निवासी साहब सिंह दिवाली की खरीदारी कर लवकुशनगर से लौट रहे थे। ई-रिक्शा में कुल सात सवारियां थीं। जैसे ही वाहन गौरीहार मार्ग के पास पहुंचा, काफिले में शामिल एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया और सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

घायलों को पुलिस वाहन से तुरंत लवकुशनगर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद साहब सिंह को पहले जिला अस्पताल छतरपुर, फिर गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया।

परिजनों का कहना है कि घटना के समय काफिला पास के गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। उसी दौरान पीछे चल रहे वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी।

लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि एक वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और जांच शुरू की।



Post a Comment

Previous Post Next Post