इंदौर। बायपास पर लघुशंका के बाद सड़क पार कर रहे एक इंजीनियर को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया।
तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, यह घटना बायपास स्थित डीमार्ट के सामने हुई। पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत 32 वर्षीय अक्षय पिता कैलाश, निवासी ओल्ड पलासिया, अपने दोस्त रजक के साथ बाइक से घूमने निकला था। दोनों ने डीमार्ट के पास बाइक खड़ी की और अक्षय सड़क किनारे लघुशंका के लिए गया। लौटते समय जब वह सड़क पार कर बाइक की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार लाल रंग की कार ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया।
साथी रजक ने राहगीरों से मदद मांगी। एक कार चालक की मदद से अक्षय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रजक से पूछताछ की है, हालांकि वह घटना से सदमे में है।
अक्षय के पिता पीडब्ल्यूडी में नौकरी करते हैं। परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। अक्षय अविवाहित था और परिवार उसके लिए रिश्ता देख रहा था।
दूसरी घटना:
दो बाइकों की टक्कर में घायल हुए युवक की मौत हो गई। 26 वर्षीय आयुष गुप्ता, निवासी सुखनिवास कैट रोड, की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हुई। बताया गया कि वह दो दिन पहले बाइक से बेटमा जा रहा था, तभी दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई थी। चोटें गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आयुष रेत सप्लाई का काम करता था।

Post a Comment