रीवा (मध्य प्रदेश): सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्ते लोगों के लिए अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला रीवा जिले का है, जहां एक व्यक्ति की मौत रेबीज इंजेक्शन की पूरी डोज लगने के बाद भी हो गई।

मामला गुढ़ थाना क्षेत्र के बड़ा गांव का है। करीब एक महीने पहले सुधीर पांडेय नामक व्यक्ति को आवारा कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों ने उसे पास के निजी क्लिनिक में रेबीज के चार इंजेक्शन लगवाए थे। कुछ दिनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजनों ने पहले उसे रीवा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने जताई लापरवाही की आशंका
परिजनों का आरोप है कि जिस निजी अस्पताल में सुधीर को भर्ती कराया गया था, वहां उचित इलाज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल ने इलाज के पैसे भी ले लिए, लेकिन मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे सरकारी अस्पताल भेज दिया।

रेबीज इंजेक्शन के बाद मौत पर सवाल
यह मामला कई सवाल खड़े करता है कि आखिर रेबीज इंजेक्शन की पूरी डोज लगने के बावजूद मौत क्यों हुई। इससे पहले भी रीवा में 14 वर्षीय बच्चे की इसी तरह रेबीज के पूरे इंजेक्शन कोर्स के बाद मौत हो चुकी है। बताया गया कि उसकी हरकतें भी कुत्ते जैसी हो गई थीं और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post