उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हुआ। चलती बाइक पर रखे पटाखों से भरे बैग में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि बाइक सवार दो छात्रों के शरीर के टुकड़े उड़ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा छात्र गंभीर रूप से घायल है।

घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के कपिल रोड पर हुई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। कायमगंज और कपिल पुलिस घटना की जांच कर रही है। विस्फोट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार थे और पटाखों से भरी बोरी ले जा रहे थे। इसी दौरान बैग में विस्फोट हो गया, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए। मृतक दोनों छात्र फतेहपुर परौली गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घायल छात्र की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर पटाखों के अवैध और असुरक्षित परिवहन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहारी सीजन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post