उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने एक साल की बेटी की जान ले ली और फिर खुद भी जान देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पति से विवाद के बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, विवाहिता पति से झगड़े के बाद मायके में रह रही थी। घटना वाले दिन भी फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने यह कदम उठाया, लेकिन समय रहते परिवार के सदस्य पहुँच गए और महिला की जान बचा ली गई।

पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि मुख्यालय के सुभाष नगर निवासी महिला खुशबू (33) का विवाह वर्ष 2022 में चरखारी क्षेत्र के खंदिया मुहाल निवासी अरविंद से हुआ था। एक वर्ष पहले बेटी ऋषिका का जन्म हुआ था। परिजनों का कहना है कि अरविंद के बेरोजगार होने और नशे की लत के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे।

खुशबू की मां उमारानी ने बताया कि बेटी पति के व्यवहार से परेशान होकर कुछ समय से मायके में रह रही थी। मानसिक तनाव के चलते उसका इलाज भी चल रहा था। बुधवार को जब वह ड्यूटी पर गई थीं, तब घर में खुशबू अकेली थी। इसी दौरान उसका अपने पति से फोन पर विवाद हुआ और गुस्से में उसने बच्ची की जान ले ली तथा खुद भी आत्महत्या की कोशिश की। परिवार के समय पर पहुंच जाने से खुशबू की जान बच गई।

पुलिस ने आरोपी महिला खुशबू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post