मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाजापुर जिले में एक कार्यक्रम में गाय पालन को बढ़ावा देते हुए ऐसा बयान दे डाला, जिसने सियासी हलकों में हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा, 'लोग कुत्ते पालें, कांग्रेस के नेता, उनके घर में क्या हैं? कुत्ते हैं। अपन तो गाय पालने वाले हैं कि नहीं?' सीएम के बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया।
कांग्रेस का पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस बयान को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार की 'नकली गौ-भक्ति' गौवंश के लिए भारी पड़ रही है। पटवारी ने पिछले दो साल के आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि रीवा, देवास, सीहोर, विदिशा और भोपाल जैसे जिलों में सड़क हादसों में सैकड़ों गौवंश की मौत हुई, लेकिन सरकार ने इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
गौशालाओं पर सवाल
पटवारी ने गौशालाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अनुदान का कोई हिसाब-किताब नहीं है और गौशालाओं में गौवंश की लगातार मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा, "गौ-पालक जनता सब जानती है कि सरकार की गौ-भक्ति सिर्फ दिखावा है।"
बीजेपी का जवाब
उधर, बीजेपी ने भी पलटवार करने में देर नहीं की। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान गाय के प्रति सम्मान और उसकी रक्षा के लिए प्रेरित करने वाला था। उन्होंने कहा, 'गाय हमारी संस्कृति का हिस्सा है, और कांग्रेस को इस पर सियासत करने की बजाय गौवंश संरक्षण में सहयोग करना चाहिए।'
Post a Comment