छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामला महिला थाना क्षेत्र का है, जहां तीन युवकों ने छात्रा को सुनसान इलाके में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और पूर्व में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा और कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता द्वारा पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई। अब सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस घटना के बाद जब पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया, तो वहां भारी संख्या में महिला संगठन, स्थानीय नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता जुट गए। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और अस्पताल के मुख्य गेट को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। जनआक्रोश को देखते हुए स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक राजनीतिक दल द्वारा सात सदस्यीय जांच समिति का गठन भी किया गया है, जो घटना की निगरानी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगी।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा है कि पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment