| काल्पनिक दृश्य |
शहर के बायपास पर एक बड़ी अनहोनी होते-होते बच गई, जब पेट्रोल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना नायता मुंडला के पास रात करीब 1 बजे हुई। टैंकर पेट्रोल भरकर दूसरे ज़िले की ओर जा रहा था। ड्राइवर के अनुसार, बायपास पर बने गड्ढों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
पुलिस की मुस्तैदी ने बचाया शहर
टैंकर पलटते ही उसमें से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया, जो सड़क और आसपास के गड्ढों में भर गया। इससे आग लगने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया ताकि किसी भी तरह की आगजनी की घटना को रोका जा सके।
क्रेन से सीधा किया गया टैंकर
पुलिस ने बिना समय गंवाए मैकेनिक को बुलाकर टैंकर के लीकेज की जांच करवाई और उसे बंद कराया। इसके बाद, यातायात को सुचारू रखने के लिए रात में ही क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर सड़क से हटाया गया। इस त्वरित कार्रवाई के कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी नहीं बनी। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
Post a Comment