ग्वालियर में बीती रात देवी जागरण के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ और तनाव का माहौल बन गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है, जिसमें आरोपी भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के खिला गेट इलाके की है। जानकारी के अनुसार, घासमंडी इलाके में स्थित एक मंदिर के बाहर माता की झांकी लगी थी और जागरण का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान देर रात कुछ हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल एक युवक को पीछे से गोली मार दी।

गोली लगने के बाद युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी और भगदड़ का दृश्य कैद हो गया है।

पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश का कारण सामने आया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले सड़क पर वाहन हटाने को लेकर आरोपियों से कहासुनी हुई थी। उसी विवाद को लेकर रात्रि में योजनाबद्ध तरीके से युवक को निशाना बनाया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post