जो भी खरीदें स्वदेशी होना चाहिए
पीएम मोदी ने कहा कि देशवासी जो भी खरीदें वो देश में ही बना होना चाहिए। जो भी खरीदें, उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। उसमें हिंदुस्तान की मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए। मुझे 2047 तक विकसित भारत बनाना है। सभी व्यापारी भाई बहन जो भी बेचें वो हमारे देश में ही बना हुआ होना चाहिए। अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। ये तब होगा जब हम देश में बनी हुई चीजों को गर्व से खरीदेंगे। हमें सबसे पहले ये देखना है कि क्या ये देश में बना है। जब हम ऐसा करते हैं तो हमारा पैसा देश में ही रहता है, जब पैसा देश में रहता है तो उसी से देश का विकास होता है। उसी से सड़कें बनती हैं, योजनाएं चलती हैं। इससे ही नए रोजगार पैदा होते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 22 सिंतबर से यानी नवरात्र के पहले दिन से जीएसटी की नई दरें लागू हो रही हैं। हमें स्वदेशी को लेकर अभियान चलाना होगा, मैं राज्य सरकार से कहूंगा कि हर दुकान पर बोर्ड लगाएं जानें जिन पर स्वदेशी सामानों की जानकारी लिखी हो। खरीदने वाले को भी पता चलेगा कि हम स्वदेशी खरीद रहे हैं। इसके बाद सभा में गर्व से कहो स्वदेशी हैं के नारे गूंजने लगे।
फाइव एफ पर हो रहा काम
पीएम मोदी ने कहा- धार में पीएम मित्र पार्क की स्थापना करके हम आहिल्या बाई होल्कर का काम आगे बढ़ा रहे हैं। यहां पर कपड़ों से संबंधित सारे काम होंगे। यहां खेत से कपास की कताई बुनाई डिजाइन एक्सपोर्ट का काम होगा। हम फाइव एफ पर काम कर रहे हैं। फार्म, फाइबर, फैक्टरी, फैशन और फॉरेन की चैन बन रही है। अब धार दुनिया के मार्केट में चमकेगा। मैं सभी लोगों को पीएम मित्र पार्क की बधाई देता हूं। देश में ऐसे कई और पार्क बनेंगे।
गरीब की पीड़ा मेरी अपनी है
पीएम मोदी ने कहा- गरीब की सेवा मेरे जीवन का उद्देश्य है। हमारी सरकार गरीब को केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है। समर्पण भाव से काम करने के कारण पिछले 11 साल के परिश्रम के कारण आज देश के 25 करोड़ लोग गरीबी के जीवन से बाहर आ गए हैं। समाज को नया आत्मविश्वास मिला है। सरकार के सारे प्रयास गरीबों की जिंदगी बदलने वाली मोदी की गारंटी है। माता बहनों के जीवन का सुरक्षित रखना मेरे जीवन का प्रण है
दो करोड़ बहनें लखपति दीदी बनी
पीएम मोदी ने कहा कि मुफ्त राशन योजना के आंकड़े सुनकर विदेशियों की आंखे फट जाती हैं। आज भी इस योजना के तहत मुफ्त आनाज दिया जा रहा है। पीएम आवास योजना के तहत जो राशि दी गई है। उसमें ज्यादातर घर महिलाओं के नाम पर हैं। करोड़ों बहने मुद्रा योजना के तहत लोन लेकर नए व्यापार कर रही हैं। सरकार तीन करोड़ ग्रामीण बहनों को लखपति दीदी बनाने के अभियान में जुटी है। अब तक दो करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को ड्रोन दीदी और महिला सखी बनाकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था के केंद्र में लाया जा रहा है।
आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ्य हों
पीएम मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती से एक और अभियान की चर्चा करना चाहता हूं। आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया बड़ी बीमारी होती है। एमपी से ही 2023 में सिकल सेल स्क्रीन का कार्ड मिलना शुरू हुआ था। आज एमपी में ही एक करोड़ वां कार्ड दिया गया है। अब तक इस अभियान के तहत पांच करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इससे लाखों लोगों का जीवन सुरक्षित हुआ है। ये काम आने वाली पीढ़ियों के लिए है। आज लोग स्वस्थ्य हो जाएंगे तो आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ्य हो जाएंगी।
कोई भी महिला बीमारी का शिकार न हो
पीएम मोदी ने कहा- नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। घर में मां ठीक रहती है तो पूरा घर ठीक रहता है। अगर, मां बीमार हो जाए तो परिवार की सारी व्यवस्थाएं चरमरा जाती है। इसलिए स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान माताओं को समर्पित है। इसका मकसद है एक भी महिला जानकारी के आभाव में किसी भी बीमारी का शिकार ना हो। ऐसी बीमारियां जिनका महिलाओं को सबसे ज्यादा खतरा है। ऐसी बीमारी को शुरूआत में पकड़ना जरूरी है। कैंसर जैसी भयंकर बीमारियों की जांच शुरूआत में ही की जाएगी। देश की महिलाएं मुझको आर्शिवाद देती रहती है। इसलिए ये कार्यक्रम उनके लिए हैं।
Post a Comment