इंदौर बाईपास पर अर्जुन बडौद गांव में गुरुवार सुबह फिर जाम लग गया। सड़क के दोनों तरफ दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। पांच से छह घंटे तक ट्रक, बस, कार सहित अन्य वाहन फंसे रहे। बाद में अफसर मौके पर गए और जाम खुलवाया। जाम के कारण इंदौर से भोपाल और ग्वालियर की तरफ जाने वाली यात्री बसें भी फंसी रही।

ट्रक खराब होने के कारण लगा जाम

अर्जुन बडौद के समीप ब्रिज का निर्माण हो रहा है। बुधवार रात तेज बारिश के कारण वाहनों की गति धीमी हो गई थी। रात को ही कई बार जाम लगा, लेकिन खुलता भी रहा। सुबह एक ट्रक की कमानी टूट गई। उसके बाद इंदौर से भोपाल की तरफ जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित होने लगा।

कलेक्टर ने अफसरों के साथ टीम को भेजा

धीरे-धीरे वाहनों की कतार बढ़ने लगी। निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। बाद में कलेक्टर ने अफसरों के साथ टीम को भेजा। क्रेन से ट्रैक को हटवाया और जाम खुलवाया। इसके साथ ही सड़क के गड्ढों में भराव भी करवाना शुरू किया।

जाम का मुद्दा भोपाल तक पहुंचा था

आपको बता दें कि एक माह पहले बायपास पर लगे जाम का मुद्दा भोपाल तक पहुंचा था। जाम के कारण दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।  इंदौर- उज्जैन फोरलेन के निर्माण के कारण उज्जैन का ट्रैफिक भी देवास से होकर जा रहा है। इस कारण इंदौर देवास बायपास पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है।

जिला प्रशासन ने थामा मोर्चा

जाम की वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरसे ठप रही। लोग बड़ी मुश्किल से इस जाम से निकल पाए। हालांकि, जाम की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया। जाम से निजात दिलाने के लिए प्रयास किया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post