![]() |
| काल्पनिक दृश्य |
बहराइच: अवैध मदरसे के निरीक्षण में सामने आया चौंकाने वाला मामला, शौचालय से निकलीं 40 नाबालिग बच्चियां
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जब एक अवैध मदरसे के निरीक्षण के लिए पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर सभी अधिकारी हैरान रह गए।
जैसे ही शौचालय का दरवाज़ा खोला गया, उसके अंदर से एक-एक कर करीब 40 नाबालिग लड़कियां बाहर निकलने लगीं। सभी बच्चियां सहमी हुई थीं और स्पष्ट रूप से असहज नजर आ रही थीं।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने तत्काल मदरसे को बंद कराने और बच्चियों को सुरक्षित रूप से उनके घर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मामला पयागपुर तहसील क्षेत्र के पहलवारा गांव का है, जहां तीन मंजिला इमारत में यह मदरसा अनधिकृत रूप से संचालित किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद, उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडे अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मदरसा प्रबंधन ने निरीक्षण करने से रोका, लेकिन पुलिस बल की सहायता से टीम अंदर प्रवेश कर पाई।
निरीक्षण के दौरान, छत पर बने एक शौचालय का दरवाजा बंद मिला। महिला पुलिस कर्मियों ने जब दरवाज़ा खुलवाया, तो उसके भीतर से एक-एक कर किशोरियां बाहर निकलने लगीं, जिनकी उम्र लगभग 9 से 14 वर्ष के बीच थी।
बच्चियां डरी हुई थीं और ज्यादा कुछ बोल नहीं पा रही थीं। जब इस विषय में पूछा गया तो मदरसे की शिक्षिका तकसीम फातिमा ने बताया कि अचानक हुए निरीक्षण से घबराकर लड़कियां खुद ही शौचालय में छिप गई थीं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि मदरसे के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और फिलहाल उसे बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बच्चियों को सही-सलामत उनके परिवारों तक पहुंचाया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने जानकारी दी कि अभी तक इस मामले में किसी भी अभिभावक, उप जिलाधिकारी या विभागीय अधिकारी की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
.png)
Post a Comment