भोपाल। साइबर क्राइम के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हिरासत से हथकड़ी खिसकाकर फरार हो गया है। घटना उस वक्त हुई, जब पुलिस कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल में दाखिल करने ले जरा रही थी। घटना लालघाटी चौराहे के पास रेड सिग्नल पर सरकारी जीप खड़ी होने पर हुई। पुलिस की लापरवाही के मामले में संबंधित पुलिसकर्मी निलंबित होंगे। वहीं, पुलिस ने आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी है।

कोहेफिजा पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने धोखाधड़ी के एक मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में 22 वर्षीय अनमोल घाड़के सहित छह आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। बुधवार शाम करीब छह बजे कोर्ट ने सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। साइबर सेल के प्रधान आरक्षक जसवंत सिंह अपने साथियों के साथ सरकारी जीप से सभी आरोपियों को जेल लेकर जा रहे थे। करीब साढ़े छह बजे लालघाटी चौराहे पर पुलिस की जीप रेड सिग्नल पर रुकी। इसी जगह अनमोल घाड़के नाम का आरोपी हथकड़ी खिसकाकर जीत से उतरकर फरार हो गया। पुलिस को घटना का तुरंत पता ही नहीं चला। कुछ दूर और जाने के बाद पुलिसकर्मियों को आरोपी के भागने का पता चला। इसके बाद कोहेफिजा पुलिस को सूचना दी गई। देर रात पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं, डीसीपी क्राइम श्रुति कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि आखिर हथकड़ी कैसे खोल ली। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post