इंदौर। फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल तापसी पन्नू पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने और अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की गई है। इंदौर की संस्था हिंद रक्षक ने इस मामले में पुलिस से केस दर्ज करने की मांग की है। हिंद रक्षक ने छत्रीपुरा पुलिस से शिकायत में लिखा है कि केस दर्ज नहीं किया गया तो प्रदर्शन किया जाएगा।

यह शिकायत हिंद रक्षक संगठन के संयोजक एकलव्यसिंह गौड़ ने लिखा है। वे अपने साथियों के साथ छत्रीपुरा थाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने शिकायत करते हुए एक्ट्रेस तापसी पन्नू पर अश्लीलता फैलाने और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर संगठन खुले मंच पर इसका विरोध करेंगे। छत्रीपुरा पुलिस के मुताबिक मामला जांच का है। जिसमें वरिष्ठ अफसरो से चर्चा की जाएगी।

एक्ट्रेस को लेकर यह है विवाद

हिंद रक्षक के एकलव्यसिंह गौड़ ने शिकायत में बताया कि अभिनेत्री तापसी पन्नू ने 14 मार्च 2023 को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। यह वीडियो एक फैशन शो का है। तापसी पन्नू ने इसमें अश्लील व अशोभनीय ड्रेस पहनी है। इसके साथ ही सनातन हिंदू धर्म की अराध्य देवी लक्ष्मी मां का लॉकेट गले में पहन रखा है। इसे हिंद रक्षक संगठन ने सुनियोजित रूप से सनातन धर्म को नीचा दिखाने एवं भावनाओं को अपमानित करने की बात कही।

Post a Comment

Previous Post Next Post