नहीं मिला महिला का शव

इंदौर। इंदौर में दो दिन पहले चंदन नगर का एक ऑटो चालक नाले में बह गया था। दो दिन बाद उसका शव सरकारी स्कूल के पास फंसा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने ही शव बाहर निकाला। इधर गुरुवार शाम कुलकर्णी का भट्‌टा इलाके में भी एक शव नाले में बहता हुआ नजर आया। बुधवार रात को बाणगंगा इलाके में नाले में बही महिला अभी भी लापता है। तीसरे दिन भी उसे ढूंढने का प्रयास चलता रहा।

चंदन नगर इलाके के सहयोग नगर में बुधवार सुबह जाकिर (22) पुत्र जमील उर्फ जफर नाले में बहाव देखने गया था। इस दौरान वह तेज बहाव में बह गया था। एडीआरएफ के साथ प्रशासन की टीम ने उसकी सर्चिंग शुरू की। लेकिन कोई खास उपलब्धि हाथ नही लग पाई थी। शुक्रवार सुबह रहवासियों ने सरकारी स्कूल के पीछे नाले में जाकिर का शव देखा, जो झाड़ियों फंसा था। इसके बाद उसके शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।

कुलकर्णी भट्‌टा पुल के पास बहती हुई आई लाश

इधर परदेशीपुरा इलाके के कुलकर्णी भट्‌टा पुल के नीचे भी गुरुवार शाम एक शव बहता हुआ आया था। स्थानीय लोगों ने शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक आसपास के इलाकों में उसकी शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन पहचान नही हो पाई है। इधर शव को एमवाय अस्पताल भेजा गया है। वहीं जल्द पहचान के लिए ग्रामीण इलाकों में भी मृतक का फोटो वायरल किया गया है।

36 घंटे बाद भी नहीं मिला महिला का शव

बाणगंगा के विकास नगर में प्रिया पति प्रदीप जायसवाल बुधवार रात करीब 9 बजे नाले में फिसल गई थी। इस दौरान उसे ढूंढने के काफी दूर तक प्रयास किए गए। लेकिन उसका पता नही लगा। गुरुवार सुबह से लेकर शाम तक आसपास के इलाकों में भी सर्चिंग की गई। लेकिन टीमों को सफलता नही मिली। शुक्रवार को फिर से इलाके में एसडीआरएफ की टीम सर्चिंग कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post