पुलिस का ऑपरेशन प्रहार
देवास। ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस मंगलवार रात को एक्शन में दिखी। देर रात 2 बेज देवास पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों में कंजर डेरों पर दबिश दी। दो दर्जन से अधिक जवानों की टोली और चार सौ के लगभग अधिकारी इस अभियान में शामिल हुए। दो करोड़ से अधिक कीमती चोरी का सामान बरामद हुआ है। इस अभियान में एक दर्जन से अधिक फरारी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
दरअसल, पुलिस कई दिनों से इस अभियान को लेकर योजना बना रही थी। मंगलवार देर रात करीब दो बजे एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने अधीनस्थों को सूचना दी और ऑपरशन प्रहार के लिए तैयार रहने को कहा। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देना शुरू की। जानकारी के अनुसार जिले के पीपलरावां, टोंकखुर्द, टोंककलां, नेवरी, भौंरासा सहित अन्य क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। डीएसपी क्राइम किरण शर्मा ने बताया कंजरों का अंतरराज्यीय वाहनों से कटिंग करने वाला गिरोह सक्रिय था जो मालवा निमाड़ के अलावा आसपास के राज्यों में भी वारदात को अंजाम देता था और सामान लेकर यहां आ जाता था। इसके चलते मंगलवार देर रात को दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अत्याधुनिक संसाधनों का प्रयोग भी पुलिस ने किया।
ड्रोन कैमरों से पहले निगरानी की गई, उसके बाद धावा बोला गया। पुलिसकर्मियों के पास भी कैमरे थे। जिनका उपयोग अभियान के दौरान किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह के नेतृत्व में चले अभियान में 100 से ज्यादा दो पहिया वाहन, एक दर्जन चारपहिया वाहन, देशी कट्टे, ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप, आईशर सहित अनेकों वाहनों के कलपुर्जे मिले। एक दर्जन चोरी किए गए मवेशी के साथ पानी की मोटर्स, ट्रक कटिंग का सामान, दर्जनों एसी, फ्रिज, मोबाइल फोन, कपड़े, जूतों, दवाइयों एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के दर्जनों कार्टून्स बरामद किए गए। जिस समय कार्रवाई की गई उस समय आरोपी और उनके परिजन चैन की नींद सो रहे थे। किसी को कानों-कान भनक नहीं लगी, इससे पूर्व भी समय-समय पर पुलिस इस तरह की कार्रवाई के प्रयास करती रही है लेकिन अधिकांश मामलों में आरोपी मौके से भाग निकलते थे। पुलिस ने जब कार्रवाई की तो एक-एक डेरे पर लाखों का माल पड़ा था। कहीं महंगे फ्रीज, कूलर, एसी, तो कहीं पर दो और चार पहिया वाहन के साथ ही देशी कट्टे, मोबाइल सहित काफी संख्या में कीमती सामान पड़ा था। पुलिस ने दबिश देकर करोड़ों का माल जब्त करने के साथ ही एक दर्जन से अधिक कंजरों को गिरफ्तार भी किया है।
शाजापुर में भी हुई कार्रवाई
देवास के अलावा शाजापुर पुलिस ने भी देर रात को कंजर डेरों में कार्रवाई की। देर रात करीब 3 बजे कंजर डेरा रुलकी, माधवपुर, देवड़ा और मखावत में की बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस द्वारा दबिश दी गई। दबिश के दौरान डेरों की घेराबंदी की गई और मकानों की व आसपास के जंगल में सर्चिंग की गई। कार्यवाही के दौरान कंजरों द्वारा विभिन्न स्थानों पर की गई चोरियों से संबंधित व अन्य अपराधों में सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 80 हजार रुपये है जब्त की गई। कार्यवाही के दौरान 14 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 51 दो पहिया वाहन, 10 पानी की मोटर, 115 शराब की पेटी, वॉशिंग मशीन आदि सामग्री बरामद की गई।

Post a Comment