धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक महिला के साथ तालिबानी व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोपियों को शक था कि महिला तंत्र-मंत्र करती है और इसके चलते उनके घर में लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने महिला के घर में घुसकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। महिला के कपड़े उतार दिए और बाल पकड़कर घसीटा। महिला की शिकायत पर चारो लोगों के खिलाऱ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

घटना धार जिले के मांडवी गांव में 6 अक्टूबर को हुई। आरोपी जबरदस्ती महिला के घर में घुसे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। फिर उसकी लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। महिला उनसे रहम की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। वे बाल पकड़कर उसे घर के बाहर ले आए और बीच सड़क पर उसे नंगा कर दिया।

महिला के साथ अमानवीय व्यवहार के दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। वहां मौजूद किसी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया के जरिये ही गुरुवार रात को पुलिस को मामले का पता चला।

धार के एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि घटना का पता चलते ही चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। चारों आरोपी महिला के पड़ोसी हैं और एक ही परिवार के हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है और चौथे की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना का वीडियो बनाने वाले के बारे में भी पता कर रही है। उनके खिलाफ भी आईटी एक्ट और महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post