जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार को मीर बाजार इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट समेत तीन आतंकियों को मार गिराया गया। रविवार से ही इलाके में संयुक्त सुरक्षाबलों का घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी था।
सुरक्षाबल उन आतंकियों की तलाश कर रहे थे, जिन्होंने 11 नवंबर को कुलगाम में नाके पर तैनात CRPF जवानों पर गोलीबारी की थी। बाइक सवार हमलावरों ने दोपहर करीब 2:15 बजे हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही उनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा था। घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।
इधर, पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास भी सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए कार्रवाई की। रविवार देर रात सावजियां सेक्टर के कनारी इलाके में सीमा पर तैनात जवानों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे जवानों ने छोटे हथियारों से लगभग 24 राउंड फायरिंग की और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुबह होने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया, जो ताजा जानकारी मिलने तक जारी था।
वहीं, सर्दियों में हिमपात से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी संदीप खीरवार ने कहा कि सुरक्षाबल पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर तैयारियां कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासन, सरकार और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। संभावित परिस्थितियों का पहले से आकलन कर उसी के अनुसार रणनीति बनाई जाती है।
उन्होंने भरोसा जताया कि सुरक्षा बल आने वाली चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं। साथ ही कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति और स्थिरता बनी रहने से यहां के लोगों के साथ पूरे देश की प्रगति को भी मजबूती मिलेगी।
संबंधित खबर भी पढ़ें
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर हमला, तीन जवान घायल


Post a Comment