इंदौर में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में दो दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बायपास स्थित फीनिक्स मॉल के पास चल रहे निर्माण कार्य के कारण मुख्य ग्रेविटी मेन पाइपलाइन को पहले ही दूसरी जगह शिफ्ट किया जा चुका है। अब इस नई पाइपलाइन को पुरानी मुख्य लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके चलते 16 और 17 नवंबर को शहर की 9 पानी की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में नियमित जलप्रदाय नहीं हो सकेगा।
नगर निगम के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पुरानी ग्रेविटी मेन लाइन बाधा बन रही थी। इसी वजह से पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। अब दोनों पाइपलाइनों को आपस में जोड़ने के लिए इंटरकनेक्शन का काम किया जाएगा। इसके लिए बिचौली मर्दाना ब्रिज के पास स्थित मुख्य वाल्व से पानी का प्रवाह बंद रखा जाएगा। इससे संबंधित टंकियों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी।
नगर निगम के मुताबिक, भूरी टेकरी, मित्र बंधु, सर्व सुविधा, कनाड़िया, हारून कॉलोनी, स्कीम नंबर 134, साई कृपा, तापेश्वरी और समर पार्क की पानी की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। इन इलाकों के रहवासियों को 16 और 17 नवंबर को नलों से पानी नहीं मिल सकेगा।
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के मुताबिक टैंकरों से पानी पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है। साथ ही रहवासियों से अपील की गई है कि वे अगले दो दिनों की जरूरत के अनुसार पहले से पानी जमा करके रखें और उपलब्ध पानी का इस्तेमाल सावधानी से करें। निगम अधिकारियों के अनुसार, इंटरकनेक्शन का काम पूरा होते ही जलप्रदाय व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

Post a Comment