यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर लगातार किए जा रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच राजधानी रियाद में एक बड़े वित्तीय परिसर को नुकसान पहुंचा है। हालिया मिसाइल हमले में रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) के मुख्यालय को क्षति पहुंची। आसपास की कुछ इमारतें भी हमले से प्रभावित हुई हैं। हालांकि, सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
सरकारी मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में क्षतिग्रस्त इमारत की पहचान पीआईएफ टावर के रूप में की गई है। यह रियाद की प्रमुख ऊंची इमारतों में शामिल है। हमले के दौरान राजधानी में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि रियाद और देश के दक्षिणी हिस्सों की ओर दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई की गई। गठबंधन के प्रवक्ता के अनुसार, दक्षिणी क्षेत्र की तरफ दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने बीच रास्ते में ही नष्ट कर दिया।
इसके बावजूद राजधानी के महत्वपूर्ण सरकारी और वित्तीय परिसर तक मिसाइल हमले का असर पहुंचने से सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। हमले के बाद कई क्षेत्रों में आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए थे। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने खतरा टलने की जानकारी दी।
सऊदी विदेश मंत्रालय ने पीआईएफ टावर समेत नागरिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन हमलों के खिलाफ आवाज उठाने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू कराने की अपील की है।
दूसरी ओर, हूती नियंत्रण वाले यमन के मीडिया ने दावा किया कि सऊदी अरब के एक विमान ने राजधानी सना पर हवाई हमला किया। लगातार हो रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों के चलते रियाद सहित सऊदी अरब के हवाई अड्डों, तेल प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों की सुरक्षा पर दबाव बना हुआ है।

Post a Comment